Goldy Brar FBI Most Wanted: अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपने देश के 'दस सबसे वांछित भगोड़ों' (Ten Most Wanted Fugitives) की सूची में शामिल कर लिया है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 10 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा भी की है।
एफबीआई ने गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह (OCG) का कथित तौर पर उत्तरी अमेरिकी प्रमुख बताया है। एजेंसी ने इस गिरोह को एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट करार दिया है, जिस पर अमेरिका और कनाडा में कई गंभीर वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। इनमें राजनीतिक व धार्मिक हस्तियों की हत्याएं, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट, मानव तस्करी और नशीले पदार्थों व हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं।
एफबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस एंजिल्स की अमेरिकी जिला अदालत ने बीती 1 जुलाई को गोल्डी बराड़ के खिलाफ एक फेडरल गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर आपराधिक साजिश रचने, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की कोशिश करने और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों को अपने पास रखने व उनकी सप्लाई की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।
एफबीआई के लॉस एंजिल्स कार्यालय के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने इस कार्रवाई पर आधिकारिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि गोल्डी बराड़ की हिंसक प्रवृत्ति और उस पर लगे गंभीर आरोपों को देखते हुए उसे इस सूची में डाला गया है। ग्रैंडी के अनुसार, यह सूची उन फरार अपराधियों के लिए है जिन्हें जल्द पकड़ना बेहद जरूरी है ताकि वे किसी और को नुकसान न पहुंचा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बराड़ को पकड़कर अमेरिकी अदालत में मुकदमा नहीं चलाया जाता, एजेंसी चैन से नहीं बैठेगी।
इस बीच, अमेरिकी जांच एजेंसी ने आम लोगों के लिए एक सुरक्षा सलाह भी जारी की है। एफबीआई ने लोगों से कहा है कि वे गोल्डी बराड़ से किसी भी तरह का सीधा संपर्क न रखें। यदि किसी के पास उसके बारे में कोई जानकारी हो, तो वह एजेंसी द्वारा जारी किए गए नंबर पर या स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इसकी सूचना दे।
