Yogi Adityanath Mother Funeral: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी भावुक नजर आए और अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने पौड़ी स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर के घर से मां की अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया और फिर पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। चंडी घाट पर भी उन्होंने अर्थी को कंधा दिया और इस दौरान बार-बार रुमाल से अपने आंसू पोंछते दिखाई दिए।
चंडी घाट पर हुए अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां और संत समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य और मंत्री संजय निषाद सहित 50 से अधिक विशिष्ट अतिथि घाट पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा देते हुए अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की। इसके साथ उन्होंने महाभारत का एक श्लोक लिखा, जिसका भावार्थ है कि इस संसार में मां जैसी कोई छाया, आश्रय, प्रेम, सुरक्षा और जीवनदाता नहीं है।
बता दें कि सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 10:45 बजे 91 वर्ष की आयु में उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया था।
