केंद्रीय बजट से बिहार सरकार को कोई उम्मीद नहीं हैं। सीएम नीतीश कुमार पहले ही कह चुके हैं, केंद्र सरकार बिहार के लिए कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने अलग रेल बजट की भी मांग की थी। अब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी इसी राह पर हैं। तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि बिहार को बजट से उम्मीद नहीं है। भाजपा ने बिहार को ठगा है। कई वादे कर उसे पूरा नहीं किया। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि पहले के बजट और अब के बजट में बहुत अंतर हो गया है। पहले रेल बजट अलग होता था लोग बहुत ही इच्छा से इसे देखते थे। अब बजट को बहुत छोटा किया गया है।
‘सरकार नहीं बताती अपनी कार्य योजना’
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले बजट के दौरान अलग बात होती थी। सरकार पूरी बारीकी से हर बात बताती थी। पूरी कार्य योजना को बता कर उस पर चर्चा होती थी। महंगाई बेतहाशा बढ़ चुकी है और उसे रोकने में केंद्र सरकार कैसे आम लोगों की मदद करेगी, यह देखना होगा। केंद्र सरकार पहले राज्यों को विशेष रूप से सहायता करती थी। अब वह सहायता साल दर साल कम करते जा रही है। बिहार सरकार की सभी योजनाओं में केंद्र सरकार के पैसे को खर्च कर रही है। मगर राज्य के ऊपर केंद्र के द्वारा अधिक भार बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री देश की जनता के साथ 8 सालों में कई तरह के वादे किए हैं मगर कितना वह पूरा हुआ है यह जनता भी जानती है।