होली के दिन मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से बुरी खबर आ रही है। महाकालेश्वर मंदिर भस्म आरती में होली खेलते समय गर्भगृह में आग लग गई। इस हादसे में मंदिर के 13 पुजारी झुलस गए। मामले को देखते हुए मंदिर का नंदी हॉल खाली कराया गया और भस्म आरती में शामिल भक्तों को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि आरती के दौरान गुलाल उड़ाने से आग भड़की है। हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार गर्भगृह में पुजारी आरती कर रहे तभी पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाला। गुलाल दीपक पर गिरा। अनुमान है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था जिससे आग भड़क गई।
गर्भगृह में लगी चांदी की परत को रंग-गुलाल से बचाने के लिए फ्लैक्स लगाए गए थे। इसमें भी आग लग गई। कुछ लोगों ने फायर एक्सर्टिग्विशर से आग पर काबू पर पाया। लेकिन, तब तक गर्भगृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद, कमल जोशी समेत 13 लोग झुलस गए।
उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि 13 लोग झुलसे हैं। 4 लोगो को इंदौर रेफर किया गया है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई जा रही है। बाकी बचे हुए घायलों को उज्जैन के जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।