तेजस्वी यादव को उनके समर्थक नंबर 1 की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। चाहे बात बिहार की हो या उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल की, समर्थकों की नजर में तेजस्वी नंबर एक हैं। लेकिन वास्तविक स्थिति तेजस्वी के समर्थकों की सोच से अलग है। सरकार में नंबर 2 की कुर्सी पर बैठ चुके तेजस्वी यादव पार्टी में आधिकारिक तौर पर नेता नहीं बने हैं। संभावना जताई जा रही थी कि पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में तेजस्वी पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान हो जाएंगे। लेकिन ऐसा होगा नहीं।
लालू ही बने रहेंगे अध्यक्ष
राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना के बाद से ही लालू यादव इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कोई विवाद भी नहीं है क्योंकि राजद के नेता-कार्यकर्ता पार्टी का मतलब लालू यादव से ही समझते रहे हैं। लेकिन लालू यादव की कानूनी और सेहत संबंधी मुश्किलों को लेकर उनके उत्तराधिकारी की चर्चा जोर पकड़ रही थी। हालांकि अभी साफ हो गया है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ही फिर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।
राष्ट्रीय अधिवेशन में मुहर
लालू यादव के पुन: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की औपचारिकता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पूरी की जाएगी। पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन 9-10 अक्टूबर को दिल्ली में होगा।उधर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का चयन 21 सितंबर को होगा। इस पद के लिए राजद में कई दावेदार हैं। इनमें मंत्रिमंडल से बाहर के वरिष्ठ नेताओं में अब्दुल बारी सिद्दिकी, उदय नारायण चौधरी और श्याम रजक जैसे नाम भी शामिल हैं। वहीं किसी प्रकार के गतिरोध को रोकने के लिए जगदानंद सिंह को ही फिर से कमान देने पर भी विचार किया जा रहा है।