भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी पड़ाव में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने अपने साथी नेताओं के साथ लाल चौक पर झंडा भी फहराया। लाल चौक पर झंडा फहराने के बाद उत्साहित कांग्रेसी नेताओं के उत्साह पर भाजपा नेता ने अपने विवादित बयान से पानी डालने का प्रयास किया है। मामला बिहार का है। बिहार सरकार में मंत्री रहे विधायक नीरज कुमार बबलू ने झंडा फहराने के दौरान टोपी नहीं पहनने को लेकर कांग्रेसी नेताओं पर वार किया है।
उन्होंने कहा कि ये लोग अंग्रेजों के औलाद हैं। इसलिए बगैर टोपी पहने तिरंगा फहराते हैं और पद यात्रा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये कांग्रेसियों का कल्चर है। कांग्रेस पार्टी का अपना नियम कानून है और ये लोग इसी आधार पर चलते हैं। इनको देश के नियम कानून से कोई मतलब नहीं है। ऐसा लगता है कि ये लोग अंग्रेज की औलाद है। बिना टोपी पहने झंडा फहराएंगे, बिना मर्जी के जो मन होगा उसी तरह देश चलाएंगे। यही इन कांग्रेसियों का कल्चर है। बिना टोपी का झंडा फहराने हैं और पूरे देश को नसीहत देते रहते हैं।