बिहार में बाढ़ के हालात को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पटना में बड़ी बैठक बुलाई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक में एनडीआरएफ एसडीआरएफ के साथ-साथ कई अधिकारियों को बुलाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय बैठक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करेगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय करेंगे।
बता दें कि बिहार के कई इलाकों में कोसी और गंगा नदियों के बढ़ते जल स्तर के कारण बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गंगा के जल स्तर में वृद्धि से 13 जिलों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जबकि उत्तरी बिहार और सीमांचल में कोसी नदी के जल स्तर में भारी वृद्धि के कारण बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें दोनों ही अलर्ट मोड पर हैं।
बिहार में बाढ़… दिल्ली निकल गए नीतीश कुमार
बिहार सरकार ने बताया कि रविवार सुबह 5 बजे, नेपाल के वीरपुर स्थित कोसी बैराज से 6,61,295 क्यूसेक्स पानी छोड़ा गया, जो 1968 के बाद का सबसे अधिक है। यह पानी नेपाल में हो रही तेज बारिश के कारण छोड़ा गया है। नतीजतन, बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। राज्य सरकार ने अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। आज, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बाढ़ से निपटने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
Bihar Flood पर मीसा और रोहिणी ने नीतीश कुमार को घेरा… बोली- सब सरकार की गलती
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोसी नदी में इस समय इतना पानी है कि यह उत्तरी बिहार के कई जिलों को डुबो सकती है। लोगों में इस स्थिति को लेकर गहरी चिंता है। 55 साल बाद, ग्राउंड जीरो के निवासियों ने कोसी नदी में पानी की अधिकता देखी है। 2008 में कुशा डेम के टूटने के समय दो से तीन लाख क्यूसेक्स पानी छोड़ा गया था, जबकि इस बार कोसी बैराज से लगभग 5.5 लाख क्यूसेक्स पानी छोड़ा गया है।
दूसरी ओर, नेपाल में लगातार बारिश के कारण अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है। नेपाल के कई हिस्से भारी बारिश के कारण जलमग्न हो गए हैं, जिससे आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने तात्कालिक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इस तबाही का असर बिहार में भी महसूस किया जा रहा है। सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सभी से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।