तमिलनाडु में बिहारियों पर हिंसा होने पर फर्जी वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर मनीष कश्यप के मुश्किल वाले दिन अभी जारी रहेंगे। कोर्ट ने एक बार फिर मनीष कश्यप की रिमांड अवधि को बढ़ा दिया है। मनीष कश्यप अभी चार दिन और रिमांड में रहेंगे। मनीष कश्यप से EOU की टीम पूछताछ कर रही है। यह पूछताछ गुरुवार को समाप्त होनी थी। लेकिन EOU ने रिमांड को और बढ़ाने की अपील की थी। EOU का कहना है कि अभी पूछताछ बाकी है। इसके बाद कोर्ट ने मनीष की रिमांड अवधि को बढ़ा दिया है।
EOU ने दर्ज किए हैं तीन केस
मनीष कश्यप पर EOU ने तीन केस दर्ज किए हैं। कई दिनों तक फरार रहने के बाद मनीष ने बेतिया में सरेंडर किया था। इसके बाद कोर्ट ने उसे 22 मार्च तक के लिए ज्युडिशियल कस्टडी में भेजा था। बाद में EOU को एक दिन की रिमांड मिली। लेकिन पूछताछ इस अवधि में पूरी नहीं हुई। तो अब EOU की डिमांड पर ही कोर्ट ने मनीष की रिमांड अवधि को चार दिन बढ़ा दिया है।
मनीष के समर्थन में बिहार बंद का आह्वान
एक ओर मनीष पर बिहार पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। लेकिन उसके समर्थकों का उत्साह ठंडा नहीं पड़ा है। गुरुवार को बिहार बंद बुलाया गया था। जहां-तहां छिटपुट प्रदर्शन भी हुए। भूमिहार संगठन का भी इस बंद को समर्थन था। मनीष कश्यप के समर्थक बिहार सरकार पर नाराज हैं और फंसाने का आरोप लगा रहे हैं।