7 सितंबर शनिवार को बड़े की धूमधाम से गणेश चतुर्थी पूरे देशभर में मनाया गया। इस दौरान लोगो में तरह-तरह का उत्साह देखने को मिला। वहीं, 10 दिन बाद यानी की 18 सितंबर को बप्पा की विदाई भी हो जाएगी। गणेश चतुर्थी के मौके पर बिहार के पटना में भी महाराष्ट्र मंडल की ओर से भव्य आयोजन किया गया। भगवान की प्रतिमा को 30 लाख रुपए से बने सोने और हीरा जड़ित मुकुट पहनाया गया। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भगवान श्री गणेश की भव्य आरती की गई। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के साथ पूरा पंडाल गूंज उठा।
हर साल की तरह ही इस बार भी भगवान की प्रतिमा मुंबई से मंगाई गई। इस बार गणेश की प्रतिमा 6 फीट की है। वहीं, बप्पा को हर दिन 101 किलो मोदक का भोग लगाया जाएगा। 12 सितंबर को राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर खुद यहां आकर भगवान की पूजा करेंगे। इस बार राम मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है।
मुकुट को मुंबई के कारीगरों ने तैयार किया है, जिसके बाद इसे पटना लाया गया है। इसमें 18 कैरेट का सोना है। मुकुट में 5 कैरेट का हीरा भी लगाया गया है। जिसमें छोटे-बड़े हीरे की संख्या 50 से अधिक है। इस मुकुट का वजन 190 ग्राम है। इसकी चमक दूर से दिखती है।




















