RANCHI : स्कूल ऑफ योग रांची यूनिवर्सिटी की सहायक प्राध्यापिका और योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड रांची जिला सचिव संतोषी कुमारी का चयन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए किया गया है। बतौर टेक्निकल ऑफिसर (जज) वह इस इवेंट में पार्टिसिपेट कर रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य से सिर्फ एक जज का चयन किया गया है। योगासन को जोड़ कर युवाओं को जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। नेशनल योगासन स्पोर्ट फेडरेशन के महासचिव डॉ जयदीप आर्य ने पत्र के माध्यम से संतोषी कुमारी को जानकारी दी। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष संजय सिंह महासचिव विपिन पांडेय और कोषाध्यक्ष मनोज तिवारी ने संतोषी की इस उपलब्धि पर बधाई दी।
3 जून तक चलेगा इवेंट
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में अलग-अलग यूनिवर्सिटी के प्रतिभागी भाग लेंगे। जिन्होंने यूनिवर्सिटी गेम्स में 1 से 3 तक अपनी जगह बनाई थी। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स बीएचयू में 1 से 3 जून तक आयोजित हो रही है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एंड खेल मंत्रालय की देखरेख में यह इवेंट हो रहा है। 21 खेल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करने वाले 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के 4750 से अधिक एथलीट भाग ले रहे है। प्रतियोगिताएं वाराणसी, लखनऊ, गौतम बुद्ध नगर और गोरखपुर में होंगी।