23 फसलों के लिए MSP कानून की गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर देश भर के किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। देखा जाये तो ये विरोध प्रदर्शन रह रह के काफी हिंसक रूप भी लेता जा रहा है। हाल ही में आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन के दौरान युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गयी थी, जिससे किसानों में इस बात को लेकर काफी ज्यादा रोष और गुस्सा है। युवा किसान की मौत की उक्त घटना के बाद किसानों और सरकार के बीच हालात बेहद मुश्किल हो गए हैं। किसान संगठन आंदोलनकारी किसानों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। SKM (संयुक्त किसान मोर्चा) के आह्वाहन पर आज शुक्रवार को पूरे पंजाब में किसानों द्वारा “काला दिवस” मनाया जा रहा है। पंजाब में भगवंत मान की AAP सरकार पर हमला बोलते हुए किसानो ने जम कर नारेबाजी की।
इस बीच पंजाब के समराला में आज भी किसानों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। किसानो द्वारा एस.डी.एम. कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकते हुए चेतावनी दी गई कि अगर सरकार किसानों पर हो रहे अत्याचार को नहीं रोकेगी, तो किसान सरकार को मुंहतोड़ जवाब देंगे। इस मौके पर मौजूद किसान नेताओं ने कहा कि आज देशभर में ये विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और 26 फरवरी को पूरे देश के किसान ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। किसान नेताओं ने कहा कि किसान जुल्म के आगे झुकेंगे नहीं, बल्कि पहले से भी ज्यादा ताकत और धैर्य के साथ सरकार से लड़ेंगे।
इधर हरियाणा में किसानो द्वारा किए जा रहे लगातार हिंसक और उग्र प्रदर्शन को देखते हुए अंबाला पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में, 13 फरवरी, 2024 से शंभू सीमा पर बैरिकेड्स को तोड़ने के लिए किसान संगठनों द्वारा जारी प्रयासों के साथ-साथ कानून प्रवर्तन कर्मियों को निशाना बनाने वाली बर्बरता की घटनाओं पर प्रकाश डाला। बयान में प्रशासन की उस चेतावनी को भी रेखांकित किया गया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और मुआवजे का दावा किया जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 और हरियाणा लोक प्रशासन संपत्ति वसूली अधिनियम 2021 के प्रावधानों के तहत, किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए कार्यवाही शुरू की गई है, जिसमें संपत्ति की कुर्की और संबंधित बैंक खातों को जब्त करना शामिल है। इस बीच खनौरी बॉर्डर पर 24 वर्षीय किसान शुभकरण सिंह की मौत के बाद संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) आज ‘काला दिवस’ मना रहा है।