पहला सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट औपचारिक तौर पर आज भारतीय वायुसेना में शामिल हो गया। इसके साथ ही भारतीय वायुसेना की ताकत डबल हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर विधिवत पूजा व मंत्र उच्चारण के बीच सी-295 विमान भारतीय वायु सेना में शामिल किया। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने आज ‘भारत ड्रोन शक्ति’ 2023 का भी उद्घाटन किया। इससे पहले हिंडन वायुसेना एयरबेस पर एक खास ड्रोन शो हुआ।
C-295 एयरक्राफ्ट की ताकत
C-295 एयरक्राफ्ट के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की ताकत में खासा इजाफा हो गया है। C-295 एयरक्राफ्ट की रफ्तार 482 किमी प्रति घंटा है। C-295 एयरक्राफ्ट 13 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ने में सक्षम है। एयरक्राफ्ट 7,050 किलोग्राम का पेलोड उठा सकता है। इसके साथ ही 71 सैनिक, 44 पैराट्रूपर्स और 24 स्ट्रेचर ले जा सकता है। इतना ही नहीं C-295 एयरक्राफ्ट लगातार 11 घंटे तक उड़ान भर सकता है। सभी एयरक्राफ्ट स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूइट से लैस हैं। भारत ने 56 C-295 विमान यूरोपियन कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस से 21 हजार 935 करोड़ रुपये में खरीदा है।