बिहार में छपरा लोकसभा सीट से सांसद हैं राजीव प्रताप रुडी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। PM नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में लगभग तीन साल उस मंत्रालय के मंत्री थे, जिसे नई सरकार ने ही बनाया था। राजीव प्रताप रुडी को पीएम नरेंद्र मोदी ने कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिया था। राजीव प्रताप रुडी अब मंत्री नहीं हैं। लेकिन अपने नए नए रुपों से चौंकाते रहते हैं। सांसद और राजनेता तो रुडी हैं ही कई बार अगर आप फ्लाइट से सफर कर रहें हों तो आपके पायलट राजीव प्रताप रुडी हो सकते हैं। इसके अलावा चुनावी राजनीति में आने से पहले राजीव प्रताप रुडी पटना के एएन कॉलेज में लेक्चरर भी थे। अब इनसे अलग राजीव प्रताप रुडी वकील के रूप में भी दिख रहे हैं।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2022/07/rudy-1.png)
पटना हाई कोर्ट में बने वकील
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2022/07/rudy-3.png)
दरअसल, 20 जुलाई को पटना हाई कोर्ट में पटना में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण की समीक्षा चल रही थी। इसमें राज्य के विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण की भी समीक्षा हुई। चीफ जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एस कुमार की खंडपीठ सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री व भाजपा सांसद राजीव प्रताप रुडी बतौर वकील कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नागरिक उड्डयन विभाग को राज्य सरकार का प्रस्ताव जाते ही स्वीकृति मिल जाएगी।
छात्र राजनीति से आगे बढ़े रुडी
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2022/07/rudy-5.png)
राजीव प्रताप रुडी बिहार के सारण में अमनौर प्रखंड के रहने वाले हैं। पंजाब विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले रुडी ने अपना राजनीतिक कॅरियर छात्र राजनीति से शुरू किया था। वे गवर्नमेंट कॉलेज, चंडीगढ़ के अध्यक्ष चुने गए थे। इसके बाद पंजाब विश्वविद्यालय के महासचिव का चुनाव भी रुडी ने जीता। भाजपा से उनका जुड़ा युवा मोर्चा में हुआ, जिसके वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे।
लालू को दी थी टक्कर
राजीव प्रताप रुडी ने अपना राजनीतिक कॅरियर छपरा से शुरू किया। विधायक भी बने। सांसद भी बने। वाजपेयी मंत्री मंडल में वे केंद्रीय मंत्री भी बने। लेकिन 2004 में उन्हें लालू यादव ने हरा दिया। हालांकि 2014 में वे पुन: सारण से लोकसभा चुनाव जीत गए। 2019 में भी उनकी जीत हुई है।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2022/07/rudy-2.png)