भारतीय सेना के लिए हथियार बनाने वाली कंपनी में रविवार को ब्लास्ट हो गया। महाराष्ट्र के नागपुर में एक्सप्लोसिव कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड में यह धमाका रविवार को हुआ। इसकी चपेट में दर्जन भर लोग आए, जिसमें 9 की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 6 महिलाएं हैं और 3 पुरुष हैं। आशंका है कि कई लोग अभी भी कंपनी में फंसे हुए हैं। यह कंपनी भारतीय सेना व रक्षा बलों के लिए गोला-बारूद के साथ-साथ ड्रोन भी बनाती है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस ने विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
4 महीने में दूसरी बार हादसा
इस कंपनी में बीते चार माह में यह दूसरा हादसा है। अगस्त 2023 में भी यहां आग लगी थी। बताया गया कि उस वक्त कचरे में धमाका हुआ था, जिसमें एक की मौत हो गई थी। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। यहां भारतीय सेना और नौसेना के लिए हथियारों का निर्माण तो होता ही है साथ ही यहां से भारत के बाहर 30 से ज्यादा देशों में हथियार निर्यात किए जाते हैं।