लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आज यानि 18 दिसंबर से एक बड़ा अभियान शुरू कर रही है। कांग्रेस ने पार्टी के लिए क्राउड फंडिंग की शुरुआत की है। इस अभियान को ‘डोनेट फॉर देश’ का नाम दिया गया है। इस नाम से एक App की शुरुआत भी की गई है। इस अभियान के जरिए कांग्रेस समर्थकों से दान और मदद की अपील की जा रही है। कांग्रेस का ये दावा है कि ये सबसे बड़ा क्राउड फंडिंग अभियान है। साथ ही कांग्रेस का कहना है कि ये 1920-21 में महात्मा गांधी के तिलक स्वराज फंड से प्रेरित है। कांग्रेस का ये क्राउड फंडिंग अभियान 18 दिसंबर से पार्टी के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक चलेगा।
क्राउड फंडिंग पर बोले मल्लिकार्जुन खड़गे
‘डोनेट फॉर देश’ क्राउडफंडिंग अभियान के लॉन्च पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह पहली बार है कि कांग्रेस लोगों से देश के लिए चंदा मांग रही है। अगर आप सिर्फ अमीर लोगों पर निर्भर होकर काम करते हैं, तो आपको उनकी नीतियों पर चलना होगा। इसलिए आम लोगों से डोनेशन की मांग की जा रही है। महात्मा गांधी ने भी स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जनता से चंदा लिया था।
कांग्रेस की खाली होती तिजोरी
बता दें कि पिछले कुछ सालों से कांग्रेस को मिलने वाली फंडिंग लगातार कम हो रही है। साल दर साल कांग्रेस को मिलने वाली फंडिंग कम हुई है। चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक 2018-19 में कांग्रेस की आय 918 करोड़, 2019-20 में 861 करोड़, 2020-21 में 285.8 करोड़, 2021-22 में 96 करोड़, 2022-23 में 79 करोड़ रही है।