मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को जोड़ने की मुहिम पर देश में घूम रहे हैं। इसपर बिहार विधानसभा के नेता विजय सिन्हा ने हमला बोला है। बिहार जल रहा है और हमारे मुख्यमंत्री देशाटन कर रहे हैं। आधे दर्जन मंत्री को लेकर जो देशाटन कर रहे हैं, उससे बिहार के पैसे की बर्बादी हो रही है। भला इससे बिहार का क्या भला होगा? बिहार की जनता मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित हो गई है। राज्य में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा है। नल-जल योजना घोटाले की भेंट चढ़ गई है। बिहार में अराजकता का माहौल है।
सुशासन राज नहीं आपात काल कहिए
विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी महत्वाकांक्षा को लेकर बिहार को बर्बाद करने में लगे हैं। मुख्यमंत्री विपक्षी एकता के नाम पर देश भ्रमण में लगे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर बिहार में एक बार फिर जातीय उन्माद बढ़ गई है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसी जघन्य अपराधिक घटनाएं बढ़ गई है। डर का माहौल कायम हो गया है। बिहार की जनता डरी और सहमी हुई है। हत्या के आरोपी मंत्री के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं हो पाता। विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में आपातकाल है। यहां विपक्षी नेताओं से लेकर पत्रकारों की आवाज को सरकार दबाने में जुटी है।