कल्पना सोरेन मंगलवार को सिंहभूम की धरती चाईबासा पहुंची। इस दौरान इंडी गठबंधन के प्रत्याशी जोबा मांझी के समर्थन में पहुंची कल्पना सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। हेमंत सोरेन की पत्नी ने कहा कि सिंहभूम की जनता शेर है। यहां के लोग जब अंग्रेजी ताकतों के सामने नहीं झुकी तो अब भाजपा के सामने कैसे झुकेगी। भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करना है।
कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि मणिपुर में क्या हुआ आपने देखा। आदिवासी की बात करते हैं, लेकिन जब उनका नरसंहार हुआ तो बीजेपी नेता ने वहां पैर तक नहीं रखा। ये इनका आदिवासी प्रेम है। जुमलेबाज भरे पड़े हैं, लेकिन आपको देखना होगा कि कौन झारखंड का हित सोचता है।
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना ने आगे कहा कि प्रदेश में सरकार बनते ही ‘हो भाषा’ को 8वीं अनुसूची में शामिल करने का प्रस्ताव दिया तो गृह मंत्रालय ने कहा कि बाद में सोचेंगे। उन्होंने ‘हो भाषा’ को नकार दिया। सरना धर्म कोड को नकार दिया। आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं। क्या आप ऐसे लोगों को चुनेंगे, जो संसद में आपके हक और अधिकार की बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे लोग आपको दबाना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि आप कीड़े-मकोड़े हैं। क्या आप इसे बर्दाश्त करेंगे। जोबा मांझी आपके बीच से हैं। उनका कार्यकाल बेहतरीन रहा है। आपको उन्हें मजबूती देना है। इन्हें जिताएंगे तो गुरुजी और हेमंत सोरेन मजबूत होंगे।