लोकसभा चुनाव आने में अब 100 से भी कम दिन बच गए है। ऐसे में सभी पार्टियां ने अपनी-अपनी रणनीति बना ली है। इसी बीच भाजपा ने लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा शनिवार को कर दी। दो सांसदों का टिकट काटा गया है। इन सीटों पर नए चेहरों को टिकट मिला है। जबकि 9 सांसदों को फिर मौका दिया गया है। 5 दिन पहले कांग्रेस छोड़कर आईं, सिंहभूम से सांसद गीता कोड़ा को भी टिकट मिला है। उन्हें सिंहभूम से ही प्रत्याशी बनाया गया है।
हजारीबाग लोकसभा सीट से जयंत सिन्हा की जगह मनीष जायसवाल को टिकट दिया गया है। राजमहल में झामुमो सांसद विजय कुमार हांसदा के खिलाफ बीजेपी ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जिन उम्मीदवारों की घोषणा की है, उसमें दो नए चेहरे हैं। हजारीबाग से जयंत सिन्हा और लोहरदगा से सुदर्शन भगत का टिकट काट दिया गया है।
बता दें कि चतरा, गिरिडीह और धनबाद सीट पर बीजेपी ने अभी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इन सभी 3 सीटों पर भाजपा ने पिछली बार चुनाव में जीत हासिल की थी। भारतीय जनता पार्टी(BJP) ने जिन 11 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, उसमें से 2 सीट पर उसे पिछली बार हार मिली थी।
राजमहल और सिंहभूम संसदीय सीट पर साल 2019 में भाजपा की हार हुई थी। गीता कोड़ा ने कांग्रेस के टिकट पर सिंहभूम सीट पर जीत दर्ज की थी। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा के लक्ष्मण गिलुवा जीते थे। साल 2024 में भाजपा ने गीता कोड़ा पर दांव खेला है। वहीं अभी हाल ही में गीता कोड़ा ने भाजपा का दामन थामा है।