लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बिहार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई रैलियां थीं। पश्चिमी चंपारण में चुनावी सभा में जा रहे मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर रास्ता भटक गया। हालांकि, कुछ समय में ही उनके हेलीकॉप्टर को सही दिशा में ले जाया गया। 25 मई को लोकसभा चुनाव के छठवें चरण का चुनाव है। इस चरण के प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के कद्दावर नेता ने बिहार के दो निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित किया। योगी ने बिहार के अपने चुनावी दौरे का समापन पूर्वी चंपारण में रैली के साथ किया। उन्होंने रैली को चुनाव प्रचार थमने के कुछ मिनट पहले ही संबोधित किया।
क्या है मामला?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ओडिशा और बिहार में रैलियों को संबोधित करने वाले थे। ओडिशा के पुरी व एक और क्षेत्र में रैली कर योगी को बिहार आना था। चंपारण में उनकी जनसभाएं थीं, लेकिन अचानक योगी का हेलीकॉप्टर रास्ता भटक गया। दूसरे रास्ते पर जाने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि, सबकुछ कंट्रोल हो गया, लेकिन इस गड़बड़ी के कारण पूर्वी चंपारण में पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे की देरी हो गई। पूर्वी चंपारण में चुनाव प्रचार थमने के कुछ मिनट पहले रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि बिहार में मुझे सबसे पहले आपके बीच आना था, लेकिन मुझे हेलीकॉप्टर से दूसरी सीट पर ले जाया गया। वहां से अब आपके बीच आया हूं।