साल 2022 की समाप्ति गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ होगी। चुनाव शेड्यूल तो जारी नहीं हुआ है लेकिन संभावना है कि शीघ्र ही गुजरात चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा के चुनाव का नतीजा एक साथ जारी होगा। हालांकि इस पर निर्णय चुनाव आयोग को लेना है। इससे पहले कयासों और राजनीतिक गुणा-भाग का दौर जारी है। इलेक्शन सर्वे करने वाली एजेंसी सी-वोटर ने एक सर्वे किया है। इस सर्वे के अनुसार गुजरात के मतदाता इस बार अपने आने वाली सरकार को लेकर मन बना चुके हैं।
63 प्रतिशत जनता भाजपा के साथ?
सर्वे के आंकड़ों के अनुसार 63 प्रतिशत जनता ने भाजपा का साथ दिया है। वहीं कांग्रेस की सरकार बनेगी, ऐसा सोचने वालों की संख्या सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 10 फीसदी भी नहीं है। 9 फीसदी लोग मानते हैं कि कांग्रेस चुनाव जीत सकती है। जबकि गुजरात चुनाव में मुख्य विपक्ष बनने का प्रयास कर रही आम आदमी पार्टी की जीत को लेकर 19 फीसदी लोग आशान्वित हैं। ओपिनियन पोल के दौरान लोगों के रुझान को देखते हुए एक बार फिर लग रहा है गुजरात में भाजपा वापसी कर सकती है।
पिछले दो चुनावों से अधिक सीटें
सी-वोटर के ओपिनियन पोल के मुताबिक गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत हो सकती है। राज्य में कुल 182 सीटें हैं। इसमें सरकार बनाने के लिए 92 सीटें चाहिए। 2017 के चुनाव में भाजपा को 99 सीटें मिली थी। लेकिन ओपिनियन पोल के मुताबिक इस बार भाजपा की सीटें 135 से अधिक हो सकती हैं। ऐसा हुआ तो पिछले कई चुनावों का रिकॉर्ड टूटेगा।
2017 में गुजरात विधानसभा चुनाव परिणाम
- भाजपा : 99 सीटें
- कांग्रेस : 80 सीटें
- अन्य : 03 सीटें
2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव परिणाम
- भाजपा : 115 सीटें
- कांग्रेस : 61 सीटें
- अन्य : 06 सीटें