मानसून सत्र का आखिरी दिन भी हंगामे भी भेंट चढ़ गया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा सदस्य वेल में पहुंच कर हंगामा करने लगे। हंगामा इतना बढ़ गया कि भाजपा सदस्य ने वेल में कुर्सी उठा लिया। विधायक संजय सिंह टेबल पर चढ़ गए। यह होता देख विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने विधायक को मार्शल से बाहर निकलवा दिया। विधायक संजय ने कहा कि यह मार्शल आउट नहीं है। मुझे चोट पहुंचाया गया है। हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने महज 4 मिनट में सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
सदन के बाहर बीजेपी का मौन प्रदर्शन
इधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी के विधायकों ने सदन के बाहर मौन प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों के मुंह पर काली पट्टी और हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां नजर आईं। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि ये बदले की कार्रवाई है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि लाठीचार्ज से हमारे एक नेता की मौत हुई है..यह मौत नहीं बल्कि सरकार ने हत्या कराई है। बता दें कि गुरुवार को बीजेपी के प्रदर्शन में पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। भाजपा का दावा है कि कार्यकर्ता की मौत लाठीचार्ज से हुई है। इसे लेकर बीजेपी आज काला दिवस मना रही। वहीं, विधानसभा परिसर से सरकार की नीतियों के खिलाफ बीजेपी नेता राजभवन तक मार्च निकालेंगे।