NDA के नेता सीट शेयरिंग को लेकर I.N.D.I.A गठबंधन पर तंज कसते रहते हैं। NDA में शामिल दलों के नेताओं का दावा है की उनके गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर कोई लड़ाई नहीं है। जबकि I.N.D.I.A गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर लड़ाई होगी। I.N.D.I.A गठबंधन को लेकर NDA में शामिल दलों के नेताओं का ये पूर्वानुमान कितना सही है ये तो वक्त ही बताएगा। लेकिन NDA में कोई लड़ाई ना होने का दावा थोड़ा खोखला साबित होता हुआ दिख रहा है। क्योंकि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने बिहार की एक लोकसभा सीट पर अपनी पार्टी का दावा ठोका है। ये वही जमुई लोकसभा सीट हैं जहाँ से वर्तमान में लोजपा(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सांसद हैं।
मांझी का दावा- मुसहर समाज की सीट है जमुई
दरअसल जीतन राम मांझी की नजर चिराग पासवान की संसदीय क्षेत्र जमुई पर है। उन्होंने जमुई लोकसभा सीट को मुसहर समाज की सीट बताया है। इसी कारण से वो चाहते हैं की ये सीट उनके खाते में आनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने एक तर्क भी दिया है। उनका कहना है कि जमुई लोकसभा सीट भोला मांझी की सीट रही है। बहुत पहले भोला मांझी इस सीट से सांसद थे। मतलब ये कि ये सीट मुसहर समाज के लोगों की है। इसलिए इस बार यहां से मुसहर समाज के लोगों को चुनाव लड़ाया जाए। ऐसी परिस्थिति में यदि NDA इस सीट को लेकर कोई फैसला करती है तो फिर यह सीट हमारी पार्टी के खाते में आनी चाहिए।
दोहरी दिक्कत में चिराग
जीतन राम मांझी के बयान के बाद इसका तो दावा नहीं किया जा सकता है कि NDA में सीट शेयरिंग को लेकर कोई लड़ाई नहीं है। हालांकि ऐसा नहीं है कि ये पहली बार है जब NDA के किसी सीट को लेकर टकराव की बात सामने आई हो। एक और टकराव भी चिराग पासवान से ही जुड़ा हुआ है। दरअसल चिराग पासवान पिछले कुछ समय से हाजीपुर लोकसभा सीट पर अपनी पार्टी का दावा ठोक रहे हैं। जहाँ से फ़िलहाल उनके चाचा और रालोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस सांसद है। हाजीपुर सीट को लेकर चिराग और पशुपति पारस दोनों आमने-सामने हैं। जबकि दोनों ही अब NDA का हिस्सा है।
अक्टूबर में NDA में हो सकती है सीट शेयरिंग
ऐसी खबरें हैं कि अक्टूबर महीने में एनडीए के सभी सहयोगी दलों की बैठक होगी। जिसमें सभी पार्टियों की सीटें तय की जाएंगी। माना जा रहा है की जीतन राम मांझी के जमुई को लेकर दावे और हाजीपुर को लेकर चिराग और पशुपति पारस की लड़ाई NDA के लिए बड़ी चुनौती बनेगी।