झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है। यहां NDA और इंडिया गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। वहीं, इस बीच गांडेय विधानसभा उपचुनाव का रिजल्ट जारी हो गया है। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने इस सीट से जीत हासिल की है। झारखंड में गांडेय विधानसभा उपचुनाव का रिजल्ट आ गया है। जेएमएम प्रत्याशी कल्पना सोरेन 26 हजार वोटो से चुनाव जीत गई है। वहीं, दूसरे नंबर पर बीजेपी प्रत्याशी दिलीप वर्मा रहे। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन कई राउंड में पीछे भी हुई थी, लेकिन अंतिम राउंड में 26,483 वोटों से अपने प्रतिद्वंदी को मात दे दीं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिलीप वर्मा ने कड़ी टक्कर दी थी। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अर्जुन बैठा भी मैदान में थे। गिरिडीह के पचंबा स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति मतगणना सेंटर पर वोटों की गिनती हुई।
बता दें कि हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद कल्पना ने राजनीति में एंट्री की है। ये चुनाव उनका राजनीतिक भविष्य तय करने वाला है। अपने चुनावी प्रचार में कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन का कई बार जिक्र किया। यहां से नारा दिया गया जेल का ताला टूटेगा हेमंत सोरेन छुटेगा।
गांडेय लोकसभा सीट में 3,16,214 मतदाता वोट करने के लिए पंजीकृत थे। इसमें 2,17,948 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यहां 68.92 फीसदी लोगों ने मतदान किया। 68.55 फीसदी पुरुष और 74.73 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।