लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। भाजपा से लेकर कांग्रेस तक लगातार जनता के बीच उतरकर उनको लुभाने में लगी है। इसी बीच बीजेपी ने अब भोजपुरी कलाकारों में अपनी इंट्रेस्ट दिखाया है। भोजपुरी एक्टरों और गायकों पर भाजपा ने अपना पूरा भरोसा जताया है। अब भाजपा ने बिहार के रहने वाले और भोजपुरी के जाने-माने सिंगर पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि इससे पहले भोजपुरी फिल्मों के तीन कलाकार बीजेपी के सांसद हैं। इसमें, मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं। भाजपा ने उन्हें फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, रवि किशन गोरखपुर से सांसद हैं। भाजपा ने एक बार फिर उनपर भरोसा जताया है। उन्हें गोरखपुर से टिकट दिया है। निरहुआ को भी एक बार फिर आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
बीजेपी ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए कुल 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 51, पश्चिम बंगाल की 20, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात की 15, राजस्थान की 15, केरल की 12, तेलंगाना की 9, असम की 11, दिल्ली की 5, जम्मू-कश्मीर की 2, उत्तराखंड की 3, अरुणाचल की 2, गोवा की 1, त्रिपुरा की 1, अंडमान की 1, दमन और दीव की 1 सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।
उम्मीदवारों की पहली सूची में भोजपुरी कलाकारों पर भाजपा ने सबसे पहले भरोसा जताया है। पवन सिंह के साथ ही मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया गया है।