बिहार की 40 लोकसभा सीटों में एक नाम बेगूसराय लोकसभा सीट का भी है। जहाँ के वर्तमान सांसद गिरिराज सिंह, केंद्र सरकार में मंत्री के पद पर है। बेगूसराय में पिछले दो चुनाव से भाजपा का परचम लहरा रहा है। जहाँ भाजपा इस सीट पर हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। वहीं महागठबंधन के बाद बने नए समीकरण से इस सीट की लड़ाई टक्कर वाली हो गई है। भाजपा के लिए इस सीट को बचाना एक बड़ी चुनौती होगी।
चुनावी इतिहास
बेगूसराय में अब तक हुए 17 लोकसभा चुनाव में 9 बार कांग्रेस ने जीत हासिल की। लेकिन कांग्रेस ने आखिरी बार 1998 में यहाँ जीत हासिल की थी। राजद ने सिर्फ एक बार ही इस सीट पर 1999 में कब्ज़ा किया। पिछले चार चुनाव से ये सीट NDA के दलों के खाते में जमा होती आ रही है। 2004 में यहाँ से जदयू के राजीव रंजन सिंह, वही 2009 में जदयू के डॉ. मोनाजिर हसन यहाँ से सांसद चुने गए। जबकि 2014 में भाजपा के डॉ. भोला सिंह,वहीं 2019 में भाजपा के गिरिराज सिंह को जीत मिली। बता दें कि कम्युनिस्टों का भी प्रभाव बेगूसराय में अच्छा-खासा है।
भूमिहारों के प्रभाव वाली सीट
बेगूसराय लोक सभा सीट का जातीय समीकरण बहुत स्पष्ट है। यहां पर पांच लाख से अधिक भूमिहार मतदाता हैं। मुस्लिम ढाई लाख से अधिक मतदाता हैं। दो लाख से अधिक कुर्मी-कुशवाहा व डेढ़ लाख से ज्यादा यादव हैं। यदि जातीय आधार पर ध्रुवीकरण होता है तो भाजपा के सामने इसे पाटने की जबर्दस्त चुनौती होगी। दलित वोट भी चुनाव के दृष्टिकोण से बहुत अहम हैं। ब्राह्मण, राजपूत व कायस्थ आदि की संख्या भी है।
बदले-बदले समीकरण
बेगूसराय में चाहे भाजपा हो या फिर महागठबंधन दोनों के लिए राहें आसान नहीं है। दरअसल भाजपा एक बार फिर से इस सीट पर गिरिराज सिंह को टिकट देगी या नहीं इसको लेकर तरह-तरह के अनुमान लगाये जा रहे हैं। दरअसल भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। उन्हें टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। मतलब चुनाव से पहले यहाँ भाजपा को अंतर्कलह झेलना पड़ सकता है। वही दूसरी तरफ 2019 के चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे कन्हैया कुमार की भी राजनीती सीपीआई से कांग्रेस की तरफ शिफ्ट हो गई है। पिछली बार कन्हैया कुमार ने सीपीआई की टिकट पर ही चुनाव लड़ा था। लेकिन अब बड़ा सवाल ये है कि क्या कन्हैया कुमार के लिए सीपीआई बैकफूट पर जाने के लिए तैयार होगी या नही? आखिर इस सीट पर महागठबंधन की तरफ से कौन सी पार्टी लड़ेगी।
बेगूसराय लोकसभा सीट के अंर्तगत आने वाले विधानसभा क्षेत्र
अब आपको बताते है बेगूसराय लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले 7 विधानसभा क्षेत्र के बारे में। 7 विधानसभा में से राजद, भाजपा और सीपीआई का 2-2 सीट पर कब्ज़ा है। जबकी एक सीट जदयू के पास है। चेरिया बरियारपुर से राजद के राजबंशी महतो, बछवाड़ा से भाजपा के सुरेन्द्र मेहता, तेघड़ा से सीपीआई के राम रतन सिंह, मटिहानी से जदयू के राजकुमार सिंह, साहेबपुर कमाल से राजद के सत्तानन्द सम्बुद्ध, बेगूसराय से भाजपा के कुन्दन कुमार वहीं बखरी से सीपीआई के सूर्यकांत पासवान विधायक हैं।