झारखंड में सभी 14 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान BJP ने कर दिया है। पहले 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई थी। BJP की पांचवी लिस्ट में बचे हुए 03 सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। इसमें दुमका से सीता सोरेन, चतरा से कालीचरण सिंह और धनबाद से ढुलू महतो को उम्मीदवार बनाया गया है। अब झारखंड में भाजपा की पूरी लिस्ट देखने पर यही पता चलता है कि टिकट बंटवारे में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की ही चली है। साथ ही भाजपा के टिकट पर बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (JVM) से जुड़े नेताओं को तरजीह दी गई है।
बिहार में भाजपा का सवर्ण दांव, 17 में 10 प्रत्याशी अगड़ी जातियों से
हजारीबाग में मनीष जायसवाल को BJP से टिकट
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए झारखंड के प्रत्याशियों की पहली सूची में हजारीबाग सीट पर उम्मीदवार की घोषणा की गई। इसमें भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 4.79 लाख वोटों से जीत दर्ज करने वाले जयंत सिंह को दरकिनार कर मनीष जायसवाल को टिकट दिया है। वैसे तो मनीष जायसवाल हजारीबाग से भाजपा के विधायक हैं लेकिन उनकी एक पहचान यह भी है कि एक वक्त में JVM में बाबूलाल मरांडी के साथ थे। JVM के टिकट पर मनीष जायसवाल चुनाव भी लड़ चुके हैं।
चतरा-धनबाद में भी ‘JVM’ नेताओं को टिकट
हजारीबाग की तरह भाजपा ने धनबाद और चतरा में भी जिन उम्मीदवारों को टिकट दिया है, उनका भी बाबूलाल मरांडी की पुरानी पार्टी JVM से नाता रहा है। धनबाद प्रत्याशी ढुलू महतो और चतरा प्रत्याशी कालीचरण सिंह JVM में ही थे और मरांडी के साथ ही भाजपा में शामिल हुए। ढुलू महतो के लिए भाजपा ने लगातार तीन चुनाव जीतने वाले पीएन सिंह का पत्ता काट दिया है। पीएन सिंह धनबाद सीट पर 2009 में 58 हजार वोटों से जीते थे। जबकि 2014 में पीएन सिंह ने 2.92 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। 2019 में तो पीएन सिंह ने तमाम रिकॉर्ड तोड़ते हुए 4.86 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी।
इसी तरह चतरा में भी भाजपा ने 2014 और 2019 में जीत दर्ज करने वाले नेता सुनील कुमार सिंह का पत्ता काट कर कालीचरण सिंह को उम्मीदवार बनाया है। 2014 में सुनील कुमार सिंह 1.78 लाख वोटों से चुनाव जीते थे। जबकि 2019 में सुनील कुमार सिंह को 3.77 लाख वोटों से जीत मिली थी।
इन तीनों उम्मीदवारों में JVM से भाजपा में आने के अलावा एक और समानता यह है कि तीनों को लोकसभा चुनाव में पहली बार उम्मीदवार बनाया गया है।