भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा के खिलाफ पुरी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस उम्मीदवार सुचरिता मोहंती ने अपना टिकट लौटा दिया था। नामांकन खत्म होने से दो दिन पहले लिए इस निर्णय के बाद कांग्रेस ने सुचारिता को खूब सुनाया है। छह मई तक पुरी सीट पर नामांकन होना है। भाजपा से संबित पात्रा और बीजू जनता दल से अरूप पटनायक ने नामांकन कर भी दिया है। लेकिन नामांकन से ठीक पहले सुचरिता ने बड़ा आरोप लगाते हुए टिकट लौटा दिया है। सुचरिता मोहंती का कहना है कि पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं दिए हैं। जबकि पार्टी के नेताओं का कहना है कि सुचारिता पहले भी चुनाव लड़ चुकी हैं तो उन्हें पता होना चाहिए कि चुनाव कैसे लड़ा जाता है। हालांकि अब कांग्रेस ने पुरी सीट पर नया उम्मीदवार खड़ा कर दिया है।
लोकसभा चुनाव 2024 : आज थर्ड फेज़ के प्रचार का आखिरी दिन, शाम 5 बजे के बाद सिर्फ डोर टू डोर कैंपेन
ओडिशा के पुरी से कांग्रेस ने जय नारायण पटनायक को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। पटनायक 6 मई को नामांकन करेंगे। वैसे कांग्रेस के लिए यह सीट कभी बहुत महत्वपूर्ण नहीं रही है। आखिरी बार 1996 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पिनाकी मिश्रा जीते थे। पिनाकी उसके बाद 2009, 2014 और 2019 में भी सांसद बने लेकिन बीजू जनता दल के टिकट पर चुनाव जीते। पुरी लोकसभा सीट से ही सुचरिता ने 2014 में भी चुनाव लड़ा था। लेकिन दूसरे नंबर पर रही थीं। तब उन्हें 2.59 लाख वोट मिले थे और वे 2.63 लाख वोटों से हारी थीं। इसके बाद 2019 में कांग्रेस ने सुचरिता को टिकट नहीं दिया। उस चुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार सत्य प्रकाश नायक को सिर्फ 44 हजार वोट मिले। हालांकि इस सीट पर भाजपा के संबित पात्रा 12 हजार वोटों से हार गए थे। इसलिए कांग्रेस ने 2024 में एक बार फिर सुचरिता पर भरोसा जताया।
भाजपा को छोड़कर दोनों मुख्य दलों ने अपने प्रत्याशी बदले हैं। महुआ मोइत्रा के साथ नाम आने के बाद बीजद ने पिनाकी मिश्रा का टिकट काट दिया। तो कांग्रेस ने जय नारायण पटनायक को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने पिछला चुनाव 12 हजार से कम वोटों से हारने वाले संबित पात्रा को ही उम्मीदवार बनाया है।