झारखंड से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने इंडिया गठबंधन से अपना नाता तोड़ दिया है। आगामी लोकसभा चुनाव में वह चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने वाली है। यह चार सीटें चतरा, लोहरदगा, पलामू और दुमका है, जिनपर चुनाव लड़ने का पार्टी की प्रदेश इकाई ने फैसला लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गठबंधन में एक भी सीट नहीं मिलने पर यह फैसला किया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि पहले हमारी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन अब हम स्वतंत्र रूप से झारखंड के चुनाव मैदान में हैं। हमने गठबंधन के तहत सिर्फ एक सीट हजारीबाग देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना। हमारी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने राज्य कमेटी को इसपर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया था। ऐसे में हमने चार सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का मन बना लिया है।
बता दें कि हजारीबाग सीट पर सीपीआई के भुवनेश्वर मेहता वर्ष 1991 और 2004 में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। इसी आधार पर पार्टी इस सीट पर दावेदारी कर रही थी। वहीं, इंडिया गठबंधन में इस बार हजारीबाग सीट कांग्रेस को दी गई है, जहां से मांडू क्षेत्र के विधायक जयप्रकाश भाई पटेल प्रत्याशी बनाए गए हैं।