ममता बनर्जी को भगवा रंग से ऐतराज है। यह ऐतराज ममता ने खुद जाहिर किया है। दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम की प्रैक्टिस जर्सी के रंग में बदलाव को ममता बनर्जी ने सियासी कदम करार दिया है। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश के सबसे लोकप्रिय खेल का भगवाकरण करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर ममता बनर्जी के राज्य में इसी साल एक लाख लोगों द्वारा गीता के श्लोकों का पाठ होने जा रहा है। इस आयोजन में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश : ममता
भारतीय टीम की प्रैक्टिस जर्सी के रंग को लेकर अपनी असहमति व्यक्त करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ”वे पूरे देश को भगवा रंग में रंगने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अपने भारतीय खिलाड़ियों पर गर्व है और मुझे विश्वास है कि वे विश्व कप में विजेता होंगे, लेकिन भाजपा वहां भी भगवा रंग लेकर आए और हमारे लड़के अब भगवा रंग की जर्सी में अभ्यास करते हैं। मेट्रो स्टेशनों को भगवा रंग से रंग दिया गया है। यह अस्वीकार्य है।”
दूसरी ओर, कोलकाता में इस साल गीता पाठ का बड़ा आयोजन होने वाला है। इस दौरान यहां पर एक लाख लोग गीता के श्लोकों का पाठ करेंगे। यह आयोजन तीन हिंदू संगठन मिलकर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा था कि 2024 चुनाव से पहले हो रहे इस आयोजन में पीएम मोदी शरीक हो सकते हैं। बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “पीएम मोदी ने इस आयोजन का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 24 दिसंबर को ब्रिगेड परेड ग्राउंड कोलकाता में होने वाला है। कोलकाता लौटने के बाद मजूमदार ने दावा किया कि भाजपा इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर रही है।” उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े लोग सभी दलों के विधायकों को निमंत्रित करेंगे। इसमें मुख्मयंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मैं आयोजनकर्ताओं के साथ इसलिए गया था क्योंकि उन लोगों ने मुझसे मदद मांगी थी। वह लोग चाहते थे कि उनके साथ कोई हो जो प्रधानमंत्री के ऑफिस तक पहुंचने में मदद करे। इसके अलावा मैं उनमें से किसी को जानता भी नहीं हूं।