लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु है। वही बिहार की स्थिति को लेकर जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमलावर दिखे। दरअसल, कांग्रेस द्वारा कर्नाटक की महिलाओं को तीन हजार देने का ऐलान किया गया है। जिसको लेकर प्रशांत किशोर का गुस्सा कांग्रेस पर फूटा। प्रशांत किशोर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब की बात करने वाले ये लोग बोल रहे हैं कि कर्नाटक में महिलाओं को 3 हजार रुपये देंगे। कर्नाटक की महिला ज्यादा गरीब है या बिहार की महिला ज्यादा गरीब है? अगर कर्नाटक की महिला को 3 हजार रुपये मिलना चाहिए तो कांग्रेस के लोग बिहार में सरकार में शामिल हैं तो जरा बताइए कि बिहार की महिलाओं को क्यों नहीं एक हजार भी दिलवा रहे हैं?
“बिहार को 40 साल तक कांग्रेस ने बर्बाद किया”
प्रशांत किशोर ने बिहार के संदर्भ में राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी को बिहार से क्या मतलब है? जिसे बिहार के चार जिलों का नाम नहीं पता उससे क्या सवाल करें, आप बताइए जरा कि राहुल गांधी को बिहार में पिछली बार कब देखा था? बिहार के मुद्दे पर कभी बोलते हुए सुना आपने? कांग्रेस ने तो 40 सालों तक बिहार को बर्बाद किया है। यही कारण है कि बिहार की जनता ने इतनी समझदारी दिखाई कि कांग्रेस को बिहार से पूरे सिरे से काटकर फेंक दिया। आज कांग्रेस का बिहार में कोई नामों निशान नहीं है। कई बार मुझसे पत्रकार कहते हैं कि आप कांग्रेस की शिकायत नहीं करते हैं। कांग्रेस ने जो बिहार में गलती की उसका पूरा खामियाजा उन्होंने भुगता। बिहार में कांग्रेस साल 1990 तक रूलिंग पार्टी हुआ करती थी। लेकिन आज कांग्रेस का 5 प्रतिशत वोट बिहार में नहीं है। बिहार में 1990 के बाद से जो 3 दल हैं जो पिछले 32 सालों से बिहार को चला रहे हैं वो हैं लालू, नीतीश और भाजपा तो इन तीनों पर सवाल नहीं खड़ा करेंगे तो क्या शिवसेना पर सवाल खड़ा करेंगे?
भाजपा, लालू, नीतीश से सवाल न करे तो किससे करें
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि पत्रकार अक्सर मुझसे सवाल करते है कि आप कांग्रेस पर क्यूं नहीं बोलते तो क्या बोलू मैं उनपर बिहार में वो है कहां जो, बिहार को अलग-अलग समय काल खंड में भाजपा, लालू, नीतीश चला रही है तो इन्हीं से सवाल करुंगा न। कांग्रेस है कहीं बिहार में, अब मैं मुजफ्फरपुर में बैठा हूं तो आप कहेंगे कि आप टिप्पणी क्यों नहीं कर रहे है Shiv Sena पर, JMM पर, ये पार्टियां भी तो बिहार में चुनाव लड़ती हैं। तो क्या JMM चला रहा है बिहार को ? बिहार को Shiv Sena चला रही है? बिहार को चला रहे हैं लालू, नीतीश और भाजपा अलग-अलग समय कालखंड में। इन तीन पार्टियों से सवाल न करें तो किन पार्टियों से करें?