जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के विकास के दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा है कि आप यहां सरकार चला रहे हैं और दोष दिल्ली में बैठे लोगों को दे रहे हैं। बिहार में स्कूलों को ठीक करने से, बढ़िया अस्पताल बनाने से, सड़क को ठीक करने से आपको किसने रोका है? आपको किसने रोका है यहां रोजगार पैदा करने से?
यहां सिर्फ राजनीति हो रही
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि यहां सिर्फ राजनीति हो रही है। बिहार के स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई पर 40 हजार करोड़ रुपए राज्य सरकार हर साल खर्च करती है। इसमें केंद्र का क्या लेना-देना है। इतने पैसे लगाकर बिहार में अगर अच्छे स्कूल बना दीजिएगा तो क्या केंद्र सरकार इसे रोक देगी। केंद्र की सरकार मदद नहीं कर रही है, बिहार के लिए कुछ विशेष नहीं कर रही है, वो बात ठीक है। लेकिन, बिहार सरकार का अपना जो 2 लाख 60 हजार करोड़ रुपए का बजट है उसका इस्तेमाल कर बिहार के लिए कुछ तो अच्छा करके दिखाइए। दूसरों पर दोष देते रहने से क्या होगा।