विधानसभा घेराव के लिए निकले सम्राट को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ कई अन्य भाजपा नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि विधानसभा घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर पुलिस ने बलप्रयोग किया है। हमारे नेता और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया है। राज्य सरकार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए भाजपा के खिलाफ बल प्रयोग कर रही है। भाजपा के लोग बिहार की जनता के लिए गोली भी खाएंगे लेकिन नीतीश के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे।
भाजपा संघर्ष जारी रखेगी
पुलिस लाठीचार्च की निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह नीतीश सरकार की दमनकारी नीति है। भाजपा इसके विरुद्ध सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। हम जनहित के मुद्दों पर पुलिस की लाठी से नहीं डरते हैं। लेकिन बिहार सरकार जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज साबित हुआ कि जनता के मुद्दों से नीतीश कुमार को कोई मतलब नहीं है और वे लोकतंत्र में जनहित की आवाज को सुनना नहीं चाहते।