भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यहां लालू प्रसाद का परिवार जिस तरह से शोर मचा रहा है उससे यह स्पष्ट झलक रहा है कि ये सारे लोग भ्रष्टाचारी हैं। राहुल गांधी के बिहार आने पर कहा कि भ्रष्टाचारियों के सरदार दिल्ली से बिहार आ रहे हैं। जिनके नेतृत्व में पूरे देश में भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस पार्टी ने पिछले 55 वर्षों में इस देश को केवल लुटने का काम किया है। जिस तरह से अंग्रेजों ने लूटा उसी तरह कांग्रेस ने भी 55 वर्षों तक देश को लूटा है।
सम्राट चौघरी ने कहा किसी के भी बिहार आने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। इन लोगों का बिहार में कुछ होने वाला नहीं है। बिहार की जनता पहले ही तय कर चुकी है। देश के साथ ही बिहार के लोगों को भी केवल मोदी पर भरोसा है। सारे भ्रष्टाचारी एकजुट होेकर देश को लूटने का प्रयास कर रहे हैं, मगर मोदी के रहते इनके नापाक इरादे कभी सफल होने वाले नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद दोनों का मूल एजेंडा भ्रष्टाचार करना और भ्रष्टाचारियों को सम्पोषित करना है। परिवारवाद की राजनीति करने वाले राजद और कांग्रेस को जनता पहले ही नकार चुकी है। परिवारवादी और भ्रष्टाचारी राजनीति के जनक कांग्रेस और राजद मुस्लिम तुष्टिकरण के जरिए वोट हासिल करना चाहते हैं। मगर जनता कांग्रेस की लूट-खसोट, गबन-घोटाले और राजद के जंगल राज को आज तक नहीं भूली है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि ये सारे भ्रष्टाचारी सत्ता हासिल करने के लिए इसलिए बेचैन है ताकि वे अपने भ्रष्टाचार को छुपा सकें। मगर मोदी के रहते ऐसा संभव नहीं है। एक भी भ्रष्टाचारी बचने वाले नहीं है। आने वाले दिनों में सभी कानून के शिकंजे में होंगे। इसीलिए एनडीए की अपार जीत को देखते हुए इंडी गठबंधन के नेताओं में छटपटाहट है।