राजस्थान के CM दो दिनों के लिए झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। 30 अप्रैल को वह भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो के नामांकन में शामिल होंगे। इसके बाद धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में एक सभा को संबोधित करेंगे। फिर प्रबुद्ध जनों से संवाद करेंगे और प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
इसके अलावा सीएम भजनलाल शर्मा रांची से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में मारवाड़ी समाज से संवाद करेंगे। मंगलवार शाम 7 बजे भजनलाल शर्मा रांची में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में रांची के मारवाड़ी समाज के लोगों से संवाद करेंगे। झारखंड में बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोग रहते हैं।
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के मुख्यमंत्री से मारवाड़ी समाज का संवाद कराकर अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेगी। बुधवार एक मई को भजनलाल शर्मा हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल के नामांकन में शामिल होंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन शाम में वो जयपुर रवाना हो जाएंगे।
2014 विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए कैंपेन करने भजनलाल शर्मा रांची आए थे। करीब दस दिनों तक रांची और अन्य शहरों में रहकर उन्होंने टीम भाजपा के लिए काम किया था। उस समय भजनलाल शर्मा राजस्थान भाजपा के महामंत्री हुआ करते थे।