सासाराम और बिहारशरीफ में हुए हिंसा के बाद बिहार में इस समय इफ्तार पार्टी का दौर चल रहा है। जदयू ने शनिवार को पटना के हज भवन में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया। जिसमें बड़ी तादाद में रोजेदार शामिल हुए। वहीं अब आज रविवार को राबड़ी आवास में दावत का आयोजन रखा गया है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि रोजेदारों को इफ्तार, वजू और नमाज की अदायगी में कोई कठिनाई न हो, इसका विशेष ध्यान कार्यकर्ता रखें।
मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे
आरजेडी के इफ्तार पार्टी में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अतिथियों का स्वागत करेंगे और रोजेदारों को दावत कराएंगे। इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री तेज प्रताप यादव, राज्य सभा सांसद मिसा भारती और पूर्व सीएम राबड़ी देवी मौजूद रहेंगी। इसके साथ साथ महागठबंधन के सभी घटक दल के नेता इसमें शरीक होंगे। यशवीर यादव की ओर से आयोजित दावत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, कांग्रेस और वाम दल के नेता शामिल होंगे। इफ्तार पार्टी में शामिल होने के लिए लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को भी निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि उनके आने पर संशय है।
हज भवन में जदयू ने दी दावत
उधर, पटना के हज भवन में शनिवार को जदयू द्वारा दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए। दावत-एइफ्तार मुख्यमंत्री को गुलदस्ता, टोपी एवं साफा भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इफ्तार के बाद रोजे की नमाज अदा की गयी। इसमें समाज और देश में अमन-चैन, शांति एवं भाईचारे का माहौल कायम रहने की दुआ मांगी गयी। मौके पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री संजय कुमार झा, मंत्री शमीम अहमद, मंत्री आलोक कुमार मेहता, मंत्री अनिता देवी, मंत्री लेशी सिंह, मंत्री मो जमा खान, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।