भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि मोदी से नफरत करने वाली कांग्रेस गरीबों का निवाला छीन लेगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने गरीबों को मिलने वाली मुफ्त खाद्यान्न योजना को बकवास बताते हुए इसे बंद करने का संकेत दिया है।
सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगर गलती से भी इंडी गठबंधन को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह गरीबों के कल्याण की मोदी सरकार की सारी योजनाएं बंद कर देगी। एक ओर पीएम मोदी जहाँ गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है वहीं पीएम द्वारा गरीब, किसान, युवा और महिला को जाति बताने पर भी कांग्रेस को एतराज है।कांग्रेस जातीय गणना का राग अलाप कर धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं और कार्यक्रमों का ही नतीजा रहा कि विगत 10 वर्षों में 3.28 करोड़ बिहार में जबकि पूरे देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के भंवर से बाहर निकालने में सहायता मिली है। मगर कांग्रेस को यह सब फूटी आंखों नहीं सुहा रहा है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि 60 वर्षों से अधिक समय तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ‘गरीबी हटाओ’ का नारा तो हमेशा लगाती रही है, मगर हकीकत में गबन-घोटालों के जरिए गरीबों का ही खून चूसती रही है। इसीलिए कांग्रेस की मंशा मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने की है।