लोकसभा चुनाव का 25 मई को छठे चरण में मतदान होना है। ऐसे में बस आज का समय है, जबतक नेताओं द्वारा चुनावी सभा को संबोधित किया जा सकता है। इसी कड़ी में बुधवार को मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह झारखंड पहुंचे थे। जहां उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर जमकर निशाना साधा है।
गोड्डा और धनबाद में चुनावी कार्यक्रम करने के बाद रांची के मोरहाबादी स्थित संगम गार्डेन में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जेएमएम ने झारखंड को घोटालाखंड बना दिया है। इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो राजद तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा जैसा है। तीनों ने सिर्फ और सिर्फ झारखंड को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मंत्री लूट रहा है, सांसद लूट रहा है और भ्रष्टाचार की वजह से पूर्व मुख्यमंत्री जेल में है।
हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने खुद ही जमीन के लिए एप्लीकेशन दिया और खुद हस्ताक्षर कर जमीन खुद के ही नाम करने के लिए कहा। हेमंत सोरेन ने सेना की जमीन हड़पने का पाप और अपराध किया है। युवाओं में जोश भरते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं यहां मुख्य अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि मामा बनकर आया हूं। मैं आपके परिवार का सदस्य हूं।
युवाओं को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अटल जी ने झारखंड बनाया है और पीएम मोदी ने झारखंड को संवारा है। पीएम मोदी दिल्ली से जनता की भलाई के लिए पैसा भेजते हैं, लेकिन यह झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी इंडी गठबंधन वाले उस पैसे से नोटों के पहाड़ खड़े कर देते हैं। इन्होंने झारखंड को घोटालाखंड बना दिया है।