नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की जन विश्वास यात्रा (Jan Vishwas Yatra) आज बेतिया पहुंचेगी। वह लौरिया स्थित साहू जैन उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। तेजस्वी महागठबंधन सरकार के 17 माह की उपलब्धियां गिनाएंगे। साथ ही एनडीए सरकार पर निशाना साधेंगे। तेजस्वी के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय राजद नेता और कार्यकर्ता पूरे जोश में है।
इन जिलों में आज पहुंचेगी यात्रा
राजद जिलाध्यक्ष साहेब हुसैन अंसारी के मुताबिक तेजस्वी सड़क मार्ग से मोतिहारी से बेतिया पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे साहू जैन उच्च विद्यालय के ग्राउंड में आम सभा होगी। नेता प्रतिपक्ष के साथ राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी रहेंगे। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर आदि जगहों के राजद नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे।
महागठबंधन के नेता भी होंगे शामिल
राजद के मुताबिक महागठबंधन के नेता भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पश्चिमी चंपारण और वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। सभा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो, इसके लिए भव्य मंच और पंडाल बनाया गया है। चलंत शौचालय और पानी टंकी की भी व्यवस्था की गई है।