बिहार विधानसभा मार्च के दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के जख्म अभी भी हरे हैं। इसको लेकर भाजपा ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा पूरे राज्यभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। वहीं लाठीचार्ज को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसको लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा। कहा कि 2024-25 में बिहार से नीतीश कुमार की विदाई तय है। किसी भी हाल में अब उनकी सरकार बिहार में नहीं बनने वाली है। मुख्यमंत्री नीतीश का एक घंटा भी राजनीति में रहना बिहार के लिए हानिकारक है।
9 अगस्त तक चलेगा हस्ताक्षर अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के युवा मोर्चा ने हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की है। यह आज 24 जुलाई से लेकर 9 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे लोगों को लाठियों से पीटने का काम नीतीश सरकार ने किया है, उसे जनता तक पहुंचाएंगे। हमने 10 लाख सरकारी नौकरियों का हिसाब मांगा, भ्रष्टाचार का हिसाब मांगा, कानून का राज समाप्त हुआ, उसका हिसाब मांगा। इसके लिए सरकार ने हमें लाठियों से पिटवाने का काम किया।
बिहार में लोकतंत्र की हत्या हो रही
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की सरकार दावा करती है कि राज्य में कानून का राज स्थापित है, लेकिन बेगूसराय में जिस तरह से दलित लड़की को निर्वस्त्र कर पीटा गया, नवादा में जदयू नेता द्वारा दलित सख्श को पीटने का काम किया गया, इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ और नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और राज्य में गुंडाराज स्थापित हो गया है। जमीन माफिया रोड पर खुलेआम घूम रहे हैं। मुजफ्फरपुर में नरसंहार किया गया और बिहार की सरकार चैन से सो रही है।