छपरा में प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पथराव मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 31 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर सारण एसपी डॉक्टर गौरव मंगला ने बताया कि बीते दिन भगवान बाजार थाना अंतर्गत नई बाजार मोहल्ला में प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर हुए पथराव मामले में दोनों पक्षों से कुल 31 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है जिन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांत है किसी भी कीमत पर उपद्रवी और असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। नई बाजार से जब प्रतिमा विसर्जन जुलूस गुजर रहा था, तभी डीजे बजाने को लेकर मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जुलूस पर पथराव किया जाने लगा। उस दौरान दूसरे पक्ष से भी पत्थर फेंके गए थे। जिसका जिला प्रशासन के द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराया गया था। उसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 31 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई पहली प्राथमिकी में कांड संख्या 423/23 के तहत कुल 115 लोगों को नामजद किया गया है। जिसमें पत्थरबाज ग्रुप से 62 लोग नामजद किए गए हैं। जबकि जुलूस में शामिल 53 लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है। जिसमें पुलिस ने 31 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि पहले प्राथमिकी में 84 लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही हैं। इस प्राथमिकी में दोनों पक्षों के ऊपर आपसी सौहार्द बिगाड़ने और दंगा-फसाद सहित अन्य मामले दर्ज किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा दर्ज की गई दूसरी प्राथमिकी में 11 पूजा समिति एवं तीन डीजे संचालकों को नामजद किया गया है। जिनके ऊपर अनुज्ञप्ति के नियमों का उल्लंघन करने और डीजे बजाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में उस समय नई बाजार से गुजर रहे 11 पूजा समिति के संचालक एवं अध्यक्ष सहित 22 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं 03 डीजे संचालकों को भी नामजद किया गया है। जुलूस के दौरान कई डीजे भी जब्त किया गया है। जबकि तीसरी प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज कर 10 लोगों को नामजद तथा सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है।