कर्नाटक चुनाव में उठे बजरंग दल का मुद्दा अब बिहार में भी गरम हो रहा है। इस पर ताजा बयान भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह का आया है। मुजफ्फरपुर पहुंचे भाजपा सांसद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बजरंगबली और बजरंग दल पर कभी रोक नहीं लग सकता। सनातन धर्म का बच्चा-बच्चा जब तक जीवित रहेगा उनका विरोध करेगा। कहा कि जो लोग हमारे अराध्य राम या बजरंगबली पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं वे समाज में विभेद पैदा कर रहे हैं। वे वोट की राजनीति कर रहे हैं। समाज में विभेद पैदा कर मुसलमानों का वोट लेने के लिए ऐसी बातें बोलते रहते हैं।
जातीय जनगणना पर भी बोले
वहीं जातीय जनगणना पर रोक लगाने के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा की हम जातीय गणना के खिलाफ नही हैं। यदि मैं सहनी होता या कुशवाहा होता तो मेरी बात को तवज्जो दी जाती। बिहार में 33 साल से सामाजिक न्याय की सरकार है। सबसे पहले यह गणना होना चाहिए कि इन 33 सालों ने दलित या अतिपिछड़ा परिवार कितने हैं जिनको इस सामाजिक न्याय की सरकार ने नौकड़ी दी है।