बेतिया में एक 200 साल पुराना पेड़ गिर गया है। विशालकाय पेड़ के नीचे दबने से एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी है। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां उनलोगों का इलाज चल रहा है। घटना पश्चिम चंपारण के योगापट्टी के शनिचरी थाना क्षेत्र में गोरा बेलवां गांव की है।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
यह घटना जिले के योगापट्टी के शनिचरी थाना क्षेत्र स्थित गोरा बेलवां गांव की है। जहां शनिचरी से मच्छरगांवा के मुख्य सड़क के किनारे काफी पुराना पेड़ था जो अचानक घर पर गिर गया। पेड़ गिरने के बाद गोरा बेलवां गांव निवासी पारस पासवान (80 वर्ष) की मौत हो गयी। वहीं घर में मौजूद उनकी बहू और पोते की हालत बेहद ही गंभीर हो गयी है। बहू का नाम शिला देवी (30 साल) और पोते का नाम गोविंद कुमार है। दोनों लोग काफी गंभीर रूप से घायल हो गये। पेड़ गिरने की सूचना मिलने के बाद शनिचरी थाना पुलिस पहुंची। योगापट्टी पुलिस ने जेसीबी के सहयोग से पेड़ के नीचे दबे शव को बाहर निकाला।