छपरा में मंगलवार अमंगल साबित हो रहा है। मंगलवार की सुबह से शाम 4 बजे तक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पहली घटना, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर पीएन सिंह कॉलेज के पास अनियंत्रित एंबुलेंस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेवाजी टोला चौक पर घटित हुई है। जहां अनियंत्रित बालू लदे ट्रक ने एक शिक्षक दंपती को कुचल दिया। इसमें महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिए पटना PMCH रेफर कर दिया गया है।
पहली घटना में मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ब्रहम्पुर निवासी तुलसी बैठा (72) के रूप में हुई है। मौत की खबर सुन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और अफरा तफरी का माहौल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने वाला एम्बुलेंस मांझी की तरफ तेजी से भाग गया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुजुर्ग व्यक्ति पोखरा में कपड़ा धोने के लिए गया था। कपड़ा धोने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। तभी छपरा की ओर से मांझी की तरफ जा रही तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस ने रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग के मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने छपरा-मांझी मुख्य मार्ग को जाम कर आवागमन को बाधित कर दिया। मुख्य मार्ग NH-19 जाम किए जाने से दोनों तरफ वाहनों का कतार लग गया। घंटों तक वाहन फंसे रहा।
घटना की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार दलबल के साथ पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण एंबुलेंस चालक पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े थे। काफी समझाने के बाद परिजन माने और सड़क जाम हटाया गया। जिसके पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना में मृतका की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के साहो शराय गांव निवासी मुन्नी देवी (34) और उनका पति राजू सिंह (37) के रूप में हुई है। मुन्नी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पति-पत्नी एक ही बाइक पर सवार होकर स्कूल से घर जा रहे थे। तभी ट्रक ने रौंद दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने निवाजी टोला चौक पर आगजनी करते हुए यातायात को बाधित कर दिया। इस दौरान लगभग 2 घंटे तक यातायात पूरी रूप से बंद रहा। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों का लंबा कतार लग गया।
आक्रोशित लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिली भगत से अवैध तरीके से बालू लदे ट्रकों का परिवहन होता है। इससे आए दिन दुर्घटना हो रही है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। जहां से पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मृतक के देवर ने बताया कि पति-पत्नी एक ही बाइक पर सवार होकर विद्यालय जा रहे थे। तभी निवासी टोला चौक पर सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। इससे पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। मृतका मुन्नी देवी आंगनबाड़ी सेविका है। जबकि पति राजू सिंह बगल के गांव में शिक्षक के रूप के कार्यरत है।