खगड़िया में 7 मई को मतदान है। इससे एक दिन पहले RJD नेता बुरे फंस गए हैं। उनकी गाड़ी से 98,500 रुपए जब्त किए गए हैं। पैसों को लेकर नेता से सवाल पूछा गया तो चौंका देने वाला जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल का भी हिसाब करना था। कुछ एक बूथों पर नियुक्त किए गए महागठबंधन के पोलिंग एजेंट को भी भोजन के पैसे देने थे।
दरअसल, पसराहा थाना क्षेत्र में NH-31 पर बने चेक प्वाइंट पर रविवार की शाम एक सफारी वाहन से 98 हजार 500 रुपए जब्त किए गए। वाहन में गोगरी के मुश्किपुर निवासी राजद जिला उपाध्यक्ष कैलाश चंद्र यादव बैठे थे। उनके पास से 44,500 रुपए मिले। वहीं, साथ बैठे समस्तीपुर जिले के बाजितपुर करनैल निवासी भोला प्रसाद दिवाकर के पास से 54 हजार रुपए बरामद हुए। पसराहा थाना अध्यक्ष संजय कुमार विश्वास और चेक पोस्ट पर नियुक्त स्टेटिक सर्विलांस टीम के मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
गोगरी एसडीपीओ रमेश कुमार ने बताया कि बरामद राशि जब्त कर ली गई है। दोनों से जवाब मांगा गया है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। इधर, राजद के जिला उपाध्यक्ष कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान भाड़े की गाड़ी किए हुए थे। कई दिनों से गाड़ी चल रही थी। गाड़ी मालिक को आज पैसे देने थे।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल का भी हिसाब करना था। कुछेक बूथों पर नियुक्त किए गए महागठबंधन के पोलिंग एजेंट को भी भोजन के पैसे देने थे। ये पैसे उसी मद के थे। आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सत्ताधारी दलों के गाड़ियों को नहीं रोकता। विपक्षियों को जान-बूझकर तंग किया जा रहा है।