पुराने रिश्ते जब टूटते हैं तो न सिर्फ सबकुछ बिखरता है, बल्कि छिन्न-भिन्न होता है। भाजपा और जदयू भी इसी दौर से गुजर रहे हैं। दोनों के बीच रिश्ता दूसरी बार टूटा है तो नेताओं की तल्खी का तीखापन करारा है। गृह मंत्री अमित शाह ने शुरुआत की। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पलटवार किया। तो बौखलाई भाजपा से सुशील मोदी मैदान में उतर आए। उसके बाद शुरू हो गया दफन राज कुरेदने का सिलसिला।
ललन ने कहा- शाह ने तेजस्वी को फंसाया
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बड़ी साजिश की है। उन्होंने अमित शाह पर 2017 में महागठबंधन तुड़वाने का आरोप लगाया है। ललन सिंह ने कहा कि अमित शाह ने महागठबंधन को तोड़ने और तेजस्वी यादव को IRCTC घोटाले में फंसाने की साजिश रची थी। महागठबंधन से अलग करने के लिए ही अमित शाह ने IRCTC मामले को उछाला था।
मोदी ने खोल दिए इतिहास की परतें
ललन सिंह के आरोपों का जवाब देने सामने आए सुशील मोदी। उन्होंने ललन सिंह को याद दिलाया कि लालू परिवार के खिलाफ हर सबूत ललन सिंह ने ही उपलब्ध कराए हैं। हाई कोर्ट भी गए। सीबीआई के अधिकारियों को जानकारी दी। यही नहीं सुशील मोदी ने यह भी कहा कि राबड़ी देवी ने आपके और नीतीश के संबंध पर क्या कहा था, वो भी याद करिए।
‘जॉर्ज, शरद और RCP जैसा होगा हाल’
सुशील मोदी ने यह भी कहा जब ललन सिंह कांग्रेस में गए थे तो नीतीश को तानाशाह बताते थे। पेट में दांत गिनने का दावा करते थे। उन्होंने कहा कि ललन सिंह का हाल भी जॉर्ज फर्नांडीस, शरद यादव और आरसीपी सिंह की तरह होगा। उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह पर ओछी टिप्पणी करने की निंदा भी की।