बिहार में बढ़ते अपराध के बीच एक खबर मोतिहारी से सामने आई है। यहां राजनीतिक रंजिश में विरोधियों ने मुखिया पति व RJD नेता को चाकू मार घायल कर दिया है। साथ साथ एक अन्य व्यक्ति भी इस घटना में घायल हैं। दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस मामले में आपको बता दें कि पिपरा थाना छेत्र के सागर पंचायत की मुखिया ममता सिंह ने बताया कि उनके पति व युवा राजद के प्रधान महासचिव सुनील सिंह एक शादी समारोह से लौट रहे थे। उसी दरम्यान कुछ लोगों ने उन्हें जहिंगरा मठ के समीप घेर लिया और उनके गाड़ी पर हमला कर दिया। इसके बाद सुनील सिंह और उनके गाड़ी के चालक पर चाकू से वार किया गया। इसमें मुखिया पति सुनील सिंह के साथ उनका ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं घटना कि जनकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन फानन में दोनों को मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
इस मामले में घायल सुनील सिंह ने बताया कि शादी से लौटने के दौरान कन्हैया सिंह, पप्पू सिंह सहित कुछ अन्य लोग रास्ते के किनारे खड़े थे। उन्हीं में से एक हाथ देकर गाड़ी रुकवाई। फिर घात लगाए अन्य लोग सामने आए और चाकू से हमला बोल दिया। मुखिया ममता सिंह ने इस घटना के पीछे का वजह राजनितिक रंजिश बताई है। मुखिया ने बताया कि हमलावर कन्हैया सिंह पिछले 15 वर्षों से मुखिया रहे थे और इस बार हारे हैं। इसी खुन्नस में इस घटना को अंजाम दिया है। मुखिया ने सरकार से सुरक्षा का गुहार लगाई है।