सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों ने वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन अपनी संपत्ति को पूरा ब्यौरा दे दिया। यह ब्यौरा काफी चौंकाने वाला है, क्योंकि राज्य के शीर्ष अधिकारियों के पास कार तक नहीं है। जिनके पास है, वह मामूली कार है।
डीजीपी के पास कार नहीं
विभागीय वेबसाइट पर अपलोड ब्यौरे के मुताबिक सूबे के डीजीपी एसके सिंघल के पास कार नहीं है। इनकी कुल संपत्ति 26737633 रुपये है। इसमें पत्नी की भी संपत्ति शामिल है। चल संपत्ति 13583848 रुपये और अचल संपत्ति 13153785 रुपये है। आमिर सुबहानी की चल संपत्ति 2.53 लाख है। अचल संपत्ति में पैतृक गांव में 2.5 बीघा जमीन और कंकड़बाग में 4 हजार स्क्वायर फीट जमीन है।
प्रत्यय अमृत पर 79.76 लाख का एजुकेशन लोन
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद की संपत्ति 8301009 रुपये है। चल संपत्ति 3902262 रुपये व अचल संपत्ति 4398747 रुपए है। 1500 ग्राम सोना व 3500 ग्राम चांदी है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास 9.41 लाख से अधिक रुपए हैं। 5 लाख की एफडी है। पत्नी के पास 73.34 लाख रुपए हैं। पत्नी के पास 920 ग्राम सोना व 3 किलो चांदी है। गुड़गांव व नोएडा में फ्लैट है। नोएडा में फ्लैट पति व पत्नी के नाम पर है। 31.50 लाख की हाउसिंग लोन व 79.76 लाख रुपए का शिक्षा लोन इनके नाम पर है। पति-पत्नी की कुल चल संपत्ति 2.33 करोड़ की है।
ब्रजेश के पास 4.02 करोड़ की संपत्ति
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा की कुल संपत्ति 4.02 करोड़ की है। चल संपत्ति 1.79 करोड़ व अचल संपत्ति 2.23 करोड़ है। अपर मुख्य सचिव पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन विभाग के दीपक कुमार सिंह की कुल संपत्ति 3.35 करोड़ की है। चल संपत्ति 2 करोड़ 34 लाख की है।