Bihar के नवादा का युवक Honey Trap में ऐसा फंसा कि उसकी जान पर बन आई। पकरीबरावां SDPO महेश चौधरी ने मीडिया को बताया कि युवक अक्षय का अपहरण किया गया था। यह अपहरण हनी ट्रैप के जरिए किया गया था। उन्होंने बताया कि अक्षय को फोन के जरिए एक महिला ने राजगीर बुलाया। अक्षय और महिला पहले से बात करते थे। अक्षय को उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया हुआ था। महिला के बुलाने पर अक्षय किसी को बताए बिना घर से निकल गया। इसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया।
40 लाख की फिरौती मांगी गई
अक्षय अपने घर से बाइक बनवाने के नाम से निकला। लेकिन जिस महिला से मिलने गया, उस तक पहुंचने के बाद उसे अगवा कर लिया गया। उसके बाद अज्ञात अपहरणकर्ताओं ने परिवारवालों से 40 लाख की फिरौती की मांग की। फिरौती नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घरवालों ने पुलिस में शिकायत की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। इसके लिए एक टीम गठित हुई जिसमें पकरीबरावां पुलिस, नरहट पुलिस और डीआईयू के कर्मियों को शामिल किया गया। इन्वेस्टिगेशन के दौरान अक्षय के झारखंड में होने का पता चला। इसके बाद पुलिस झारखंड के कोडरमा से अक्षय को बरामद कर लिया। उसे झुमरीतिलैया शहर में एक घर के कमरे में बंद करके रखा गया था।
चार अपराधी गिरफ्त में
पुलिस ने इस मामले में रामाशीष प्रसाद, गुलशन कुमार, खुशबु कुमार और जैकी नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। रामाशीष प्रसाद उर्फ राजेश कुशवाहा को जमुई के चंद्रदीप से, गुलशन कुमार को नरहट के खनवा से, खुशबू कुमारी और जैकी को हिसुआ के शांति नगर से गिरफ्तार किया गया है। सभी अपहरणकर्ताओं की उम्र 20 और 24 साल के बीच है। इनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।