लोकसभा चुनाव 2024 (Bihar Loksabha Election 2024) में पहले चरण के लिए देश भर में कुल 102 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। इनमें बिहार की 4 सीटों पर मतदान हुआ है। मतदान शुक्रवार, 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। प्रदेश में औरंगाबाद, गया, जमुई एवं नवादा निर्वाचन क्षेत्र में 7903 बूथ पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सामान्य बूथों पर सुबह 7 बजे से 6 बजे शाम तक और अति संवेदनशील बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुए हैं। कुल 38 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। मतदान के बाद EVM मशीनों को सील किया गया।
शाम 5 बजे तक चार सीटों पर 46.32% वोट डाले गए हैं। शाम 5 बजे तक गया में 48.54, नवादा में 40.02, औरंगाबाद में 49.95 और जमुई में 47.09 प्रतिशत मतदान हुआ है। गया लोकसभा के शेरघाटी, बाराचट्टी, गुरुआ, इमामगंज, बोधगया, टेकारी में 4 बजे वोटिंग खत्म हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम 6 बजे तक बिहार की 4 सीटों पर कुल 48.23 फीसदी वोट पड़े।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2024/04/image-56.png)
कुल 38 प्रत्याशी मैदान में
बता दें कि औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई में कुल 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। एनडीए की तरफ से बीजेपी औरंगाबाद और नवादा सीट पर लड़ रही है, जबकि गया से हम के कैंडिडेट पूर्व सीएम जीतन राम मांझी मैदान में हैं। जमुई सीट पर चिराग के बहनोई अरूण भारती किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, चारों सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से आरजेडी के कैंडिडेट हैं। कुल 38 प्रत्याशियों में एक मौजूदा लोकसभा सांसद, एक राज्यसभा सदस्य, एक पूर्व मुख्यमंत्री, एक पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक भी हैं।