बिहार के विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में आने वालों लोगों के सामने प्रदर्शन के लिए बिहार म्यूजियम 25 खास कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार के खास मेलों में पुरातात्विक धरोहरों से जुड़ी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसकी शुरुआत सोनपुर मेले से की जा रही है। बिहार म्यूजियम के डीजी अंजनी कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि “हमारी प्रसिद्ध कलाकृतियां, जिसमें यक्षिणी की मूर्ति के साथ ही पत्थर और ब्रांज की मूर्तियां शामिल हैं। इसकी प्रतिकृति बिहार म्यूजियम ने बनवाई है। राज्य में जो भी बड़े मेले भव्य आयोजन होंगे, इसमें इसे लगाया जाएगा। ताकि लोग म्यूजियम के प्रति आकर्षित हों। जो लोग बिल्कुल नहीं आ सकते हैं, वे विभिन्न बड़े मेलों या बड़े आयोजनों में खास कलाकृतियों को देख सकेंगे।”
सोनपुर का प्रसिद्ध पशु मेला इस बार 25 नवंबर से शुरू हो रहा है। 32 दिनों तक चलने वाले इस मेले का समापन 26 दिसंबर को होगा। कलाकृतियों की प्रदर्शन के बारे में अंजनी कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि “लोगों को अपने इतिहास से जुड़ना चाहिए, उनके बारे में जानना चाहिए। बिहार का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है। हमलोग जिन 25 कलाकृतियों को मेलों में भेजेंगे, उससे जुड़ी जानकारी भी लोगों से साझा करेंगे। लोगों को यह भी जानकारी दी जाएगी कि बिहार म्यूजियम में और किस तरह की मूर्तियां, पेटिंग आदि हैं। इसके लिए तीन पेज का फोल्डर दिया जाएगा। इन कलाकृतियों में दीदारगंज की यक्षिणी, मानव धढ़, सालभंजिका, बोधिसत्व, क्रीड़ारत नायिका, पालकालीन बुद्ध, मैत्रेय बुद्ध, पालकालीन विष्णु, आठवीं शताब्दी की तारा,उमा महाश्वेर,डांसिंग गर्ल, लाफिंग गर्ल, नौ ग्रह आदि शामिल होंगी।”